पलामू:
गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, पलामू के गर्ल्स हॉस्टल मेस में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पलामू-1 की ओर से 17 सितंबर को मेस की रसोई और स्टोर रूम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद 19 सितंबर को जारी रिपोर्ट में साफ-सफाई की कमी, खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की मौजूदगी का उल्लेख किया गया है।

एक्सपायर्ड और मिसब्रांडेड खाद्य सामग्री जब्त
निरीक्षण के दौरान रसोई और भोजन तैयार करने वाले क्षेत्र में साफ-सफाई की कमी पाई गई। इसके अलावा, रसोई की खिड़की में जाली नहीं लगी थी। स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों का भंडारण भी उचित तरीके से नहीं किया जा रहा था। जांच के दौरान कुछ मिसब्रांडेड और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त कर लिया।
.jpeg)
पानी की जांच और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, मेस में इस्तेमाल होने वाले पानी की गुणवत्ता जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं, रसोई में कार्यरत फूड हैंडलिंग स्टाफ के वार्षिक मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा, रसोई और स्टोर रूम का पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं था। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने इन कमियों को लेकर संबंधित पक्ष से स्पष्टीकरण मांगा और सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
.jpeg)
खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान अरहर दाल, मिर्च पाउडर और चना के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त को भेजी गई निरीक्षण रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट पलामू के उपायुक्त को भेजी है। इसकी प्रतिलिपि अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पलामू तथा संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम, रांची को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।